मोहद्दीपुर में साइड लेने के लिए हार्न बजाने पर मनबढ़ों ने एक शिक्षक की कार पर ईंट फेंककर शीशा तोड़ दिया। शिक्षक किसी कार्यक्रम से घर लौट रहे थे। कैंट पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मनबढ़ों की तलाश शुरू कर दी है।
राजकीय जुबिली इंटर कालेज के शिक्षक किरन आरेतो तीन जून की रात मोहद्दीपुर में अपने दोस्त के घर के गृहप्रवेश कार्यक्रम में गए थे। रात करीब 10.30 बजे पैडलेगंज के पास कुछ युवक सड़क पर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। शिक्षक ने साइड लेने के लिए हार्न बजाया जो मनबढ़ों को नागवार लगा। उन्होंने ईंट मारकर कार का शीशा तोड़ दिया। कैंट इंस्पेक्टर ओम हरि वाजपेयी ने बताया कि शिक्षक की निशानदेही पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।