गोरखपुर। शहर के होटल, अस्पताल, मंदिर, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर सीरियल ब्लास्ट की सूचना से सोमवार को जिले में हड़कंप मच गया। सीओ कैंट के साथ ही जीआरपी, आरपीएफ ने अपने क्षेत्र में बम और डाग स्क्वाएड दस्ते के साथ सघन चेकिंग कराई।
कुल 25 स्थानों पर दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक सीरियल ब्लास्ट होने की सूचना एसपी सिटी के साथ ही शहर के कई थानेदारों को इंटरनेट कॉल से मिली थी।
सोमवार की सुबह 10:40 पर एसपी (सिटी) हेमराज मीना के सीयूजी नंबर पर इंटरनेट से कॉल आया। फोन करने वाले ने अपना नाम सुनील सिंह बताते हुए खुद को दिल्ली पुलिस का दरोगा बताया। गोरखपुर में सोमवार की दोपहर तीन से शाम छह बजे के बीच सभी प्रमुख होटल, विष्णु मंदिर, शनि मंदिर, कॉली मंदिर के साथ ही रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट में सीरियल ब्लास्ट होने की सूचना दी।
पूछने पर उसने बताया कि यह गोपनीय जानकारी उसे लश्कर - ए - तोएबा के सूत्रों ने दी है इसे गंभीरता से ले। एसपी (सिटी) ने कंट्रोल रूम को फोन मामले की जानकारी देते हुए शहर के सभी थानेदारों को फोन कर सतर्क रहने का निर्देश जारी कर दिया। कुछ देर बाद सीओ कैंट अभय मिश्रा, एसओ कोतवाली के साथ ही कई हॉस्पिटल के लैंडलाइन नंबर पर ब्लास्ट की सूचना आई।
दोबारा सुबह 11:27 और इसके बाद 11:58 पर इंटरनेट से एसपी (सिटी) के पास फोन आया। युवक ने पूरे शहर में कुल 25 स्थानों पर सीरियल ब्लास्ट होने की बात कही। एसपी ने मामले की जानकारी आईजी, डीआईजी को देने के साथ ही सभी जगह चेकिंग कराई लेकिन कुछ मिला नहीं। फर्जी सूचना को लेकर पुलिस देर शाम तक परेशान रही।
एसपी (सिटी)
मेरे सीयूजी नंबर के अलावा कई लोगों के पास सोमवार की सुबह इंटरनेट से कॉल आई थी। फोन करने वाले ने सीरियल ब्लास्ट की सूचना दी थी। सभी जगहों पर चेकिंग कराई गई लेकिन कुछ मिला नहीं। एहतियात के तौर पर सतर्कता बरतने का निर्देश सभी थानेदारों को दिया है।
हेमराज मीना, एसपी (सिटी)