बीआरडी मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर से बदसलूकी करना एक 18 वर्षीय तीमारदार को मंहगा पड़ गया। खफा जूनियर डॉक्टरों ने तीमारदार की धुनाई कर दी। शिकायत लेकर प्राचार्य और एसआईसी दफ्तर पहुंचे तीमारदार को गार्डों ने डांटकर भगा दिया।
सद्दाम (18 वर्ष) निवासी रमजानपुर थाना बृजमनगंज महाराजगंज पिता सब्बीर और माता जैबुन खातून के साथ मौसा निजामुद्दीन निवासी मछलीगांव हनुमानगंज थाना कैंपियरगंज का इलाज कराने शुक्रवार की दोपहर मेडिकल पहुंचा था। डॉक्टरों ने निजामुद्दीन को भर्ती कर लिया। शाम करीब छह बजे तीमारदार सद्दाम ट्रामा सेंटर के बाहर स्कूटी पर बैठा था तभी एक महिला जूनियर डॉक्टर आईं और कहा, ‘बेटा गाड़ी से उतर जाओ।’ इस पर सद्दाम ने छींटाकशी करते हुए कहा, ‘हम आपके बेटे नहीं लगेंगे।’
यह बात डॉक्टर को नागवार लगी और ट्रामा सेंटर में जाकर जूनियर डॉक्टरों को बताई। इस पर करीब दस जूनियर डॉक्टर वहां पहुंचे और सद्दाम को पीटने लगे। इतने पर सद्दाम के माता-पिता भी बीच-बचाव करने पहुंच गए तो डॉक्टरों ने उनकी भी धुनाई कर दी। बाद में शिकायत लेकर तीमारदार एसआईसी ऑफिस गए। वहां पर एसआईसी नहीं मिले तो फिर प्राचार्य कार्यालय पहुंचे। जहां गार्ड ने उन्हें डांटकर भगा दिया।
मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलने पर पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। उसके बाद जो दोषी होगा। नियमानुसार उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
- डा. एके श्रीवास्तव, एसआईसी, मेडिकल कालेज