गगहा के देवकली गांव में शनिवार की रात जमानत पर छूटे छेड़छाड़ के आरोपी ने पीड़ित के घर पहुंच उसके पिता पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद जुटे घर वालों ने आरोपी को पकड़ लिया। छुड़ाने पहुंचे उसके पिता और बहन पर चाकू और डंडे से हमला कर घायल कर दिया। गांव के लोगों ने घायलों को कौड़ीराम पीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने आरोपी युवक के पिता को मृत घोषित कर दिया और गंभीर रुप से घायल तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कौड़ीराम प्रतिनिधि के अनुसार देवकली गांव के वकील कुमार (30) ने गांव की एक युवती से चार महीने पहले छेड़छाड़ की थी। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने वकील को जेल भेज दिया था। शनिवार की शाम जेल से छूटने के बाद रात आठ बजे वकील घर पहुंचा और चाकू लेकर सीधे युवती के घर पहुंचकर उसके पिता रामसिंगार पर हमला कर दिया। गले, पेट और दाएं तरफ सीने में चाकू लगने से रामसिंगार घायल हो गए। शोर मचाने पर जुटे घर वालों ने वकील की पिटाई शुरू कर दी।
जानकारी के बाद वकील के पिता रामजियावन (60), बहन रीना (20) और भाई भी मौके पर पहुंचे। रामसिंगार के घरवालों ने उनपर चाकू और डंडे से हमला कर दिया। सिर में चोट लगने से रामजियावन अचेत हो गए। गांव वालों ने पुलिस को सूचित कर घायलों को पीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने रामजियावन को मृत घोषित कर दिया और रामसिंगार, रीना और उसके भाई को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बवाल की आशंका में एसपी ग्रामीण ब्रजेश सिंह ने गगहा थाने के सिपाहियों की देवकली गांव में ड्यूटी लगाई है। एसएसपी रामलाल वर्मा ने बताया कि आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश एसओ को दिया है।