महेसरा पुल से ताल में कूदने जा रही महिला की फोटो बना रहे युवक की प्रधान समर्थकाें ने पिटाई कर मोबाइल छीन ली। जानकारी होने पर पहुंचे युवक के घरवालों ने विरोध में गोरखपुर-सौनौली मार्ग जाम कर दिया। एसओ की तरफ से कार्रवाई का भरोसा मिलने पर वे रास्ते से हटे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने लूट का केस दर्ज किया है।
चिलुआताल प्रतिनिधि के अनुसार सिक्टौर की एक महिला गृह कलह में महेसरा स्थित बामंत स्थान पर ताल में डूबने जा रही थी। परिवार के लोगों ने ग्राम प्रधान रमेश चौहान को इसकी सूचना दी। महिला के ससुराल के लोग और प्रधान उसकी तलाश करते हुए वहां पहुंचे। महिला महेसरा ताल के पास पहुंच चुकी थी। उसे पकड़कर लोग समझा रहे थे, जबकि वह जान देने की जिद पर अड़ी हुई थी। इसी बीच वहां मौजूद महुआतर का रहने वाला लालू यादव अपने मोबाइल फोन से इस झगड़े का वीडियो बना रहा था।
लालू की यह हरकत देख कुछ लोगों ने उसे मना किया लेकिन वह नहीं माना तो प्रधान और उनके साथी ने मोबाइल छीनकर पिटाई कर दी। मारपीट में उसके नाक और मुंह में चोट लगने से खून निकल आया। खबर पाकर उसके घरवाले भी वहां पहुंच गए। मगर तबतक प्रधान जा चुके थे। घटना के विरोध में लोगों ने महुआतर तिराहे पर गोरखपुर-सौनौली मार्ग को जाम कर दिया। सूचना के बाद एसओ चिलुआताल रामविलास यादव ने कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को हटाया। लालू यादव की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान रमेश चौहान, उनके साथी रिंकू गुप्ता के खिलाफ लूट और मारपीट का केस दर्ज किया है।
बुजुर्ग की पिटाई कर लूटी बाइक
खजनी। भीटी खोरिया गांव में बृहस्पतिवार की शाम बुजुर्ग की पिटाई कर बदमाशों ने बाइक लूट ली। वह उस समय हंसिया खरीदने उनवल जा रहे थे। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। गांव के रहने वाले रामदयाल पांडेय (65) बृहस्पतिवार की शाम 7 बजे बाइक से हसिया लेने उनवल जा रहे थे। आमी नदी के जरलही पुल के पास मौजूद बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। तमंचा सटाकर बदमाश रामदयाल को पुल से नीचे धकेल बाइक लेकर फरार हो गए।