बहुभोज कार्यक्रम में दूल्हे के साथियों की फायरिंग से 11 साल के बच्चे की मौत हो गई। फायरिंग कर रहे युवकों को घर वालों ने ऐसा करने से मना किया था, लेकिन नशे में धुत उन्होंने एक न सुनी। इसी दौरान एक गोली स्टेज पर अपने मामा-मामी का वीडियो बना रहे भांजे श्रेयांस के सिर में लग गई। उसे पहले जिला अस्पताल पहुंचाया गया और वहां से रेफर होने पर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, मगर उसे बचाया नहीं जा सका। श्रेयांस अपने माता-पिता का एकलौता पुत्र था। घटना कैंट इलाके के गिरधरगंज में रविवार की रात हुई।
रुस्तमपुर स्थित शक्तिनगर कॉलोनी के सारदेश सिंह देवरिया के ट्रेजरी विभाग में एकाउंटेंट के पद पर कार्यरत हैं। गिरधरगंज में रविवार को उनके साले श्रीओम सिंह का बहूभोज कार्यक्रम था। उसमें शामिल होने के लिए मां रंजना के साथ 11 साल का बेटा श्रेयांश सिंह भी आया था। मामा की शादी में बेहद खुश नजर आ रहा श्रेयांश हैंडीकैम से स्टेज पर मामा और मामी का वीडियो बना रहा था। इसी बीच रात साढ़े ग्यारह बजे नशे में धुत दूल्हे के मित्र दिलीप दुबे अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और फायरिंग करने लगे। घरवालों ने उन्हें मना किया मगर उन्होंने अनसुना कर दिया।
फायरिंग के दौरान ही एक गोली स्टेज पर वीडियो बना रहे श्रेयांश के सिर में लग गई। गोली लगते ही श्रेयांश स्टेज पर गिरकर तड़पने लगा और पलभर में खुशी का माहौल मातम में बदल गया। इस दौरान फायरिंग करने वाले फरार हो गए। घर वाले श्रेयांश को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां से डॉक्टर ने गंभीर हाल देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, मगर वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। श्रेयांश शहर के माउंट जी लिस्ट्रा स्कूल में पांचवीं का छात्र था। कैंट इंसपेक्टर ओम हरि वाजपेयी ने बताया कि दो लोगों पर मुकदमा दर्ज कर दिलीप दूबे को गिरफ्तार कर लिया गया है। रिवाल्वर भी बरामद कर लिया गया है।