इस बार वह हथकड़ी पहने सहजनवां थाने से भागा है। 26 जनवरी को गगहा थाने से भी वह हथकड़ी समेत फरार हो गया था।
झंगहा थाना क्षेत्र के बौठा गांव का रहने वाला हरिओम कश्यप हिस्ट्रीशीटर है। अच्छेलाल यादव गैंग से जुड़कर उसने चोरी और लूट सहित कई अन्य वारदातों को अंजाम दिया है। 25 जनवरी को एक महिला के घर में घुसे हरिओम को इलाके के लोगों ने पकड़कर गगहा पुलिस को सौंपा था। उसको हथकड़ी लगाकर थाने में बैठाया गया था पर 26 जनवरी की सुबह चकमा देकर फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, इसी बीच 26 मार्च को लोगों ने उसे सहजनवां में मोबाइल चोरी करते हुए पकड़ लिया। पिटाई करके एक बार फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया लेकिन इस बार वह खिड़की के रास्ते फरार होने में सफल रहा। बृहस्पतिवार तड़के चार बजे उसके फरार होने की जानकारी होने के बाद अफसर भी थाने पर पहुंच गए।