एसपी सिटी ने घटना का पर्दाफाश किया।
गोरखपुर। बिहार के सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया, बहेरी से गोरखपुर पुलिस ने बुधवार को अंतर्राज्यीय गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर चोरी के 22 मोबाइल फोन, बैट्री आदि बरामद किया। पुलिस को गिरोह के कई और लोगों के नाम भी मिले हैं। गिरफ्तारी की खबर होते ही गांव वालों ने पुलिस टीम को घेर लिया था। किसी तरह से स्थानीय पुलिस की मदद से टीम आरोपी को लेकर गोरखपुर पहुंची। पुलिस ने आरोपी युवक को जेल भेज दिया।
दो घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए प्रेस कांफ्रेंस में एसपी सिटी विनय कुमार सिंह ने बताया कि गत दिनों शास्त्री चौक पर स्थित मोबाइल फोन की दुकान और शाहपुर इलाके के रेमंड शोरूम में चोरी हुई थी। पुलिस आरोपियों की तलाश में थी कि इसी बीच बिहार में चोर के होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम बिहार रवाना हो गई, और वहां से जाकिर हुसैन को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन, लैपटॉप, बरामद किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में धर्मेंद्र सिंह, स्वाट प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह, राजेंद्र कुमार सिंह, राजेंद्र सिंह, सिपाही शशिकांत राय शामिल थे। शाहपुर इंस्पेक्टर प्रदीप शुक्ला, कोतवाली इंस्पेक्टर घनश्याम तिवारी, मनोज चौरसिया, अरुण कुमार यादव, सनातन सिंह, कामेश्वर दुबे लगातार गिरफ्तारी के लिए गई टीम का सहयोग कर रही थी।
मोबाइल फोन के इस्तेमाल से पकड़ा गया
चोरी के मोबाइल फोन का दो घंटे इस्तेमाल कर लखनऊ में एक कॉल करने से पूरा मामला खुल गया। सीओ क्राइम प्रवीण सिंह ने बताया कि चोरी के एक मोबाइल का इस्तेमाल किया गया था। सर्विलांस की मदद से लखनऊ में गई टीम ने पूछताछ की तो वहां से दो सगे भाइयों का नाम सामने आया। बिहार जाकर पूछताछ तो जाकिर हुसैन के पास से मोबाइल फोन आदि बरामद किया। उसके बाकी साथी फरार हो गए।
ट्रेन से आते हैं चोरी करने
सीओ प्रवीण सिंह ने बताया कि बिहार पूर्वी चंपारन के गांव घोड़ासान से सीधे गोरखपुर के लिए एक ट्रेन है। गांव में 100 से ज्यादा चोर हैं। वह ट्रेन से चोरी करने आते हैं और फिर गांव लौट जाते हैं। बंद मकान को यह निशाना बनाते हैं। शटर तोड़ने की इनकी ऐसी ट्रेनिंग है कि चंद सेकेंड ही काफी है।