गोरखपुर।
प्रतियोगी परीक्षा देने निकली छात्रा के लापता होने के दो महीने बाद पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए केस दर्ज कराया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर उरुवा थानाक्षेत्र के तीन युवकों के खिलाफ अपहरण और धमकी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुलरिहा इलाके के रहने वाले पिता ने पुलिस को बताया कि 30 अप्रैल को उनकी बेटी प्रतियोगी परीक्षा देने निकली थी। देर शाम तक वापस नहीं आई तो इसकी सूचना उन्होंने थाने पर दी। इसी बीच जानकारी मिली है कि उरुवा थानाक्षेत्र के उसरपार गांव के फूूलचंद, वीरेंद्र, अमित ने उनकी बेटी का अपहरण किया है। पिता ने आरोप लगाया कि तीनों युवक देह व्यापार में लिप्त रहते हैं। वे उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गए। पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि वह अकेले मुंबई चली गई है। पिता ने बेटी की हत्या की आशंका जताई है। थानाध्यक्ष अनिल कुमार उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।