उनवल (गोरखपुर)। खजनी के पुरसापुर गांव के सहसपुर उर्फ कुंवरजोत टोले में सोमवार को भी पुलिस और पीएसी तैनात रही। इस दिन पुलिस ने तीन लोगों की हत्या के आरोप में एक पक्ष के पांच और लोगों को गिरफ्तार किया। अब भी कई नामजद आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं। सोमवार को केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शिवप्रताप शुक्ल और एमएलसी देवेंद्र सिंह गांव पहुंचे।
गांव में दुर्गा सिंह और मुंशी उर्फ राममनोहर यादव के बीच मकान का विवाद था। शुक्रवार को इसी विवाद पर दुर्गा सिंह और उनकी पत्नी कमलावती की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई थी। गुस्साए लोगों ने मुंशी की इतनी पिटाई कर दी कि उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। सोमवार को पुलिस ने एक पक्ष के मिठाई लाल यादव, संतोष कुमार यादव, संदीप कुमार यादव, संदीप यादव और पप्पू यादव उर्फ ब्रम्हानंद को भी गिरफ्तार कर लिया।
एसपी साउथ का कहना है कि पुलिस टीमें लगी हैं, जल्द ही बाकी आरोपी भी पकड़ लिए जाएंगे।
उधर, गांव पहुंचे केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और एमएलसी ने दुर्गा सिंह के परिवार वालों से मिलकर सांत्वना दी और घटना की जानकारी ली। भाई ने बताया कि दुर्गा ने थाना दिवस से लेकर तहसील दिवस तक बार-बार फरियाद की, लेकिन कोई सुनवाई नही हुई। उन्होंने मुंशी पक्ष के एक होमगार्ड पर भी कई गंभीर आरोप लगाए। एमएलसी ने बताया कि उन्होंने दस दिन पूर्व खजनी इंस्पेक्टर को फोन कर इस मामले को गंभीरता से लेने को कहा था, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया।