गोरखपुर।
खोराबार थाना क्षेत्र के छितौना में फर्नीचर की दुकान पर धावा बोलकर चाचा-भतीजा पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। उनकी बुरी तरह से पिटाई करने के बाद दहशत फैलाने के लिए फायरिंग करते हुए फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए लेकिन बदमाशों के खिलाफ कोई बोलने को तैयार नहीं था। पीड़ित व्यापारियों ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या की कोशिश, दुकान में घुसकर मारपीट, धमकी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
मिर्जापुर निवासी प्रवीण और उनके चाचा शशिभूषण की छितौना में फर्नीचर की दुकान है। बृहस्पतिवार की सुबह दोनों दुकान खोलकर अंदर दाखिल ही हुए थे कि हिस्ट्रीशीटर महेंद्र, प्रभाशंकर, इंद्रजीत यादव, कृष्णा, राजेंद्र दुकान में दाखिल हो गए और दोनों की पिटाई शुरू कर दी। वहां पर मौजूद कर्मचारियों ने बीच बचाव की कोशिश की तो असलहा लहराने लगे। दोनों की पिटाई करने के बाद बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। फायरिंग के बाद से वहां पर दहशत का माहौल है। मारपीट से घायल दोनों व्यापारियों ने उपचार के बाद खोराबार थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।