गोरखपुर। सिपाही के एटीएम कार्ड की क्लोनिंग कर जालसाज ने खाते से 27500 रुपये निकाल लिए। बैलेंस चेक करने पर सिपाही को जानकारी हुई तो उसने बैंक के अधिकारियों से शिकायत की। छानबीन में पता चला कि रकम दिल्ली में निकाली गई है। एसपी क्राइम आलोक शर्मा के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया है।
संतकबीरनगर, महुली के लोइयाभार गांव निवासी सत्यप्रकाश जीआरपी के भटनी थाने में तैनात हैं। एसबीआई की मुख्य शाखा में उनका खाता है। एक महीने पहले वेतन आने पर बैंक रोड स्थित एटीएम पर वह बैलेंस चेक करने गए थे। खाते में केवल 60 रुपये शेष होने की जानकारी मिलने पर वह चौक गए। शाखा प्रबंधक से उन्होंने शिकायत की तो पता चला कि रकम उनके कार्ड से दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित पीएनबी के एटीएम से निकाली गई है। बैंक अधिकारियों की सलाह पर सत्यप्रकाश ने इसकी शिकायत एसपी क्राइम से की। साइबर सेल की टीम ने जांच में पता चला कि जालसाज ने एटीएम कार्ड की क्लोनिंग करके रकम निकाली है।
एटीएम कार्ड बदलकर निकाल लिए 12 हजार रुपये
भटहट। गुलरिहा थानाक्षेत्र के भटहट कस्बे में महिला का एटीएम कार्ड बदलकर जालसाज ने 12 हजार रुपये निकाल लिए। घटना बृहस्पतिवार को हुई। मोहम्मद बरवा गांव निवासी बर्फी देवी बृहस्पतिवार को भटहट कस्बे में एचडीएफसी के एटीएम से रकम निकालने आई थीं। वहां पहले से मौजूद एक युवक ने मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड ले लिया और उन्हें दो हजार रुपये निकाल कर दिया। कार्ड भी दिया था। जब महिला घर पहुंचीं तो कार्ड बदल जाने की जानकारी हुई। फिर पुलिस को सूचना दी। एटीएम कार्ड महिला के बेटे सोनू के नाम से है। महिला के अनुसार युवक ने जो कार्ड दिया, उस पर किसी जालंधर प्रजापति का नाम लिखा है।