ब्रह्मपुर। झंगहा थानाक्षेत्र के नई बाजार के बंग्ला टोला के पास पशु व्यापारी नजीर खलीफा से आठ लाख की लूट होने की सूचना पर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। तत्काल सीओ चौरीचौरा योगेंद्र कृष्ण नारायण और एसओ झंगहा जगतनारायण सिंह मौके पर पहुंचे। सूचना देने वाले व्यापारी से पूछताछ के बाद घटना फर्जी निकलने पर पुलिस ने सूचना देने वाले व्यापारी और साजिशकर्ता राकेश यादव को हिरासत में ले लिया।
झंगहा के जंगल रसूलपुर नंबर दो, बालूघट्टा टोला निवासी पशु व्यापारी नजीर खलीफा ने शुक्रवार की दोपहर पुलिस को सूचना दी कि बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचा सटाकर झोले में रखे आठ लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। तत्काल सीओ, एसओ और चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंच गए। पुलिस के अनुसार पूछताछ में नजीर ने फर्जी सूचना देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार नजीर ने बताया कि वह बंग्ला टोला निवासी राकेश यादव से कुछ रुपये उधार लिए थे। राकेश ने एक गिट्टी व्यापारी से उधार लिए गए आठ लाख रुपये शुक्रवार को देने का वादा किया था। रकम लौटानी न पड़े, उस लिए राकेश ने उसे लूट की झूठी सूचना देने के लिए कहा था। सीओ चौरीचौरा ने बताया कि व्यापारी और साजिशकर्ता को हिरासत में लिया गया है। दोनों पर झूठी सूचना देने का केस दर्ज कार्रवाई की जाएगी।