दो थानेदार लाइनहाजिर, तीन का कार्यक्षेत्र बदला
गोरखपुर। एसएसपी शलभ माथुर ने शनिवार देर रात तिवारीपुर थानेदार इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार त्रिपाठी और सहजनवां थानेदार इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह को लाइनहाजिर कर दिया। एसएसपी को दोनों की कई शिकायतें मिल रही थीं। बीते 12 अगस्त को तिवारीपुर के माधोपुर में भैंस चराने गए युवक राजू यादव की हत्या के बाद पुलिस अबतक नामजद मुख्य आरोपी सतीश नागा को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। जबकि उसपर पच्चीस हजार का इनाम भी घोषित है। स्थानीय लोगों ने इंस्पेक्टर के खिलाफ मामले में कई लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले जाकर धन उगाही करने की शिकायत की थी। वहीं सहजनवां में लगातार हो रही घटनाओं को नहीं रोक पाने और कार्यों में लापरवाही बरतने के चलते थाना प्रभारी पर कार्रवाई की गई है। रविवार की देर शाम एसएसपी ने एंटी रोमियो टीम के प्रभारी राम भवन यादव को तिवारीपुर, गगहा थानेदार रहे सत्यप्रकाश सिंह को सहजनवां, पुलिस लाइंस से इंस्पेक्टर नीरज कुमार राय को गगहा, कैंट इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह को बड़हलगंज और वहां के थानेदार रवि कुमार राय को कैंट थाने का प्रभारी बनाया।