जगदीशपुर (गोरखपुर)। खोराबार थाना क्षेत्र के फोरलेन पर माड़ापार के पास अनुबंधित बस ने दीवानी कचहरी के प्राइवेट मुंशी जयनाथ प्रजापति (45) को रौंद दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने अनुबंधित बस का शीशा तोड़ डाला और गोरखपुर-कुशीनगर मार्ग जाम कर दिया। जाम की सूचना पर एसपी सिटी विनय सिंह, एसपी क्राइम आलोक शर्मा, सीओ चारु निगम चार थाने की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों का शांत कराया। इस दौरान करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतार लग गई थी। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।
खोराबार थानाक्षेत्र के माड़ापार पश्चिम टोला निवासी जयनाथ प्रजापति (45) दीवानी कचहरी में प्राइवेट मुंशी थे। शनिवार शाम पांच बजे वह माड़ापार में गोरखपुर-कुशीनगर मार्ग पार कर रहे थे। इसी दौरान कुशीनगर की तरफ जा रही रोडवेज की अनुबंधित बस ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में मौके पर ही जयनाथ की मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस लेकर भागने लगा तो ग्रामीणों ने दौड़ाकर उसे कोनी फोरलेन तिराहे पर पकड़ लिया। मौके पर पहुंची डायल 100 की पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया, मगर आक्रोशित ग्रामीणों ने बस का शीशा तोड़ दिया और घटनास्थल पर जाम लगा दिया। इससे सड़क पर दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर खोराबार, पिपराइच, चौरीचौरा, झंगहा थाने की पुलिस के साथ एसपी सिटी विनय सिंह, एसपी क्राइम आलोक शर्मा, सीओ चारु निगम भी मौके पर पहुंच गईं।
पांच बच्चों का सहारा थे जयनाथ
जयनाथ पांच नाबालिग बच्चों का सहारा थे। उनकी पत्नी की एक साल पहले ही मौत हो चुकी है। दीवानी कचहरी में प्राइवेट मुंशी का काम कर जयनाथ घर का खर्च चलाते थे। उनकी मौत की खबर पाते ही घर में कोहराम मच गया। घरवाले शव के पास आकर दहाड़े मारकर रोने लगे। बच्चों के सामने अब जीविका का संकट खड़ा हो गया है।