इलाके के सिधवाना गांव के पास मोरंग-बालू लदे ट्रक से कुचलकर मोहम्मद अजीम (10) की मौत हो गई। अजीम अपनी मां के लिए दवा लेने साइकिल से घर से निकला था। आक्रोशित भीड़ ने चालक की पिटाई कर ट्रक में तोड़फोड़ की। ट्रक को आग लगाने की भी कोशिश की गई। सूचना पर सीओ खजनी तीन थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया।
राउतपार निवासी मोहम्मद अकील के तीन बच्चों में से अजीम दूसरे नंबर का था। शनिवार की सुबह दवा लेने वह धुरियापार जा रहा था। सिधवाना गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अजीम का बड़ा भाई मानसिक दिव्यांग है।