संदिग्ध हाल में बुजुर्ग की मौत, हत्या की आशंका
घर से नेपाल के परासी गया था मवेशी खरीदने
अमर उजाला ब्यूरो
निचलौल। थाना क्षेत्र गांव कवतरी ऊर्फ कटका फार्म के पश्चिम दिशा में ट्यूबवेल के पास सड़क पर बुधवार को एक बुजुर्ग व्यक्ति का संदिग्ध हाल में शव मिला। बुधवार को सुबह घर से बाहर निकले ग्रामीणों ने बुजुर्ग व्यक्ति का शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति की पहचान कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र संतोष भारती ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या की आशंका जताते हुए करवाई की मांग की।
गांव कोहड़वल के टोला सिसवाडीह निवासी संतोष भारती ने बताया कि उनके पिता बेचन भारती (62) बीते मंगलवार को सुबह भैंस खरीदने के लिए नेपाल राष्ट्र स्थित परासी बाजार जाने को घर से कहकर निकले थे। देर शाम तक जब घर नहीं लौटे तो मोबाइल फोन पर बात हुई। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि बाजार से भैंस खरीद लिए हैं और घर पहुंचने में रात हो जाएगी। देर रात तक जब पिता घर नहीं आए तो मोबाइल फोन लगाने पर बंद बताने लगा। सुबह होते ही ग्रामीणों से सूचना मिली कि क्षेत्र के गांव कवतरी ऊर्फ कटका के पास एक व्यक्ति की लाश मिली है। सूचना पर परिजनों के साथ पास जाकर देखा तो शव पिता बेचन का था। मृतक की पत्नी कैलाशी देवी व परिवार का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिवार में चार लड़के श्यामबदन, श्यामानन्द, इंदल व संतोष व तीन लड़कियां हैं। थानाध्यक्ष हरेन्द्र मिश्रा ने बताया कि बेचन के पास से पांच हजार पांच सौ पच्चास रुपये, एक मोबाइल व भैंस खरीदने की रसीद मिली है। मृतक के लड़के संतोष भारती ने तहरीर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।