गोरखपुर।
हरियाणा की प्रतिबंधित शराब के साथ दो तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वाहन चेकिंग के दौरान झंगहा पुलिस ने कार से 22 पेटी में 412 बोतलें बरामद कीं। कार से तीन फर्जी नंबर प्लेट भी पुलिस ने पकड़ा है।
एसपी नार्थ गणेश साहा ने बताया कि बिहार में शराब बंदी के बाद गोरखपुर के रास्ते तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम लगाई गई थी। गुरुवार को झंगहा पुलिस दुबियारी पुल पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच लखनऊ की नंबर प्लेट लगी एक लग्जरी कार को चेकिंग के लिए रोका। इसमें बैठे दो लोग गाड़ी छोड़ कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। कार की तलाशी लेने पर डिकी में हरियाणा की बनी अंग्रेजी शराब मिली। इस दौरान पुलिस ने कार से बिहार और हरियाणा प्रांत के दो नंबर प्लेटें भी बरामद की हैं। पूछताछ में पकड़े गए दोनों युवकों की पहचान बिहार के गोपालगंज जिले के कुशहर मठिया गांव निवासी नितेश सिंह और अलीगढ़ जिले के बन्ना देवी थाना क्षेत्र के नई बस्ती निवासी सौरभ कुमार जाटव के रूप में हुई। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे हरियाणा से शराब खरीद कर बिहार में बेचते हैं। उन्होंने बताया कि वह जिस राज्य की सीमा में प्रवेश करते थे, नंबर प्लेट बदल लेते थे।