गोरखपुर।
तिवारीपुर इलाके में बकाया रकम मांगने पर स्कूल प्रबंधक के भाई ने महिला की पिटाई कर दी। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। बुधवार की सुबह महिला की मौत हो गई। केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
तिवारीपुर इलाके के बंदोह गांव के रहने वाली बबुनी देवी डोमिनगढ़ चौराहे पर एक पब्लिक स्कूल में दाई का काम करती थीं। स्कूल प्रबंधक के भाई राजेश से कुछ दिन पहले बबुनी का विवाद हो गया था। महिला ने काम छोड़ दिया और ससुराल चली गई। कुछ रोज पहले बबुनी मायके आई। मंगलवार को वह स्कूल पर पहुंची और प्रबंधक के भाई से एक हजार रुपये बकाया की मांग करने लगी। आरोप है कि प्रबंधक का भाई नाराज हो गया और उसने रॉड से महिला के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। बुधवार की सुबह बबुनी की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोपी पुलिस की हिरासत में है। तिवारीपुर एसओ का कहना है कि केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।