गोरखपुर। गीडा में मंगलवार की सुबह बाइक सवार बदमाशों ने हेचरी (चूजा) कर्मचारी से 3.30 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद भागे बदमाशों को बंटवारे के दौरान घघसरा में ग्रामीणों ने घेर लिया। एक बदमाश को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
इसके पास लूटे गए 50 हजार रुपये मिले हैं। अन्य साथियों की तलाश में पुलिस सहजनवां के साथ ही संतकबीरनगर में दबिश दे रही है।
सहजनवां प्रतिनिधि के अनुसार कटारी, चोलापुर, वाराणसी के रहने वाले विनय सिंह गीडा सेक्टर 13 स्थित किसान ब्रीडिंग फर्म में दो साल से कार्यरत हैं। वह रुपये वसूलने और जमा करने का काम करते हैं। फर्म के मालिक तेज सिंह हरियाणा के हैं। मंगलवार की सुबह 11 बजे विनय झोले में 3.30 लाख रुपये रखकर सहजनवां स्थित आईसीआईसीआई बैंक में जमा करने बाइक से जा रहे थे।
आईजीएल के पास पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिस्टल तान उन्हें रोक लिया और बाइक की डिग्गी खोलकर झोला निकाल लिया।
इसमें 3.30 लाख रुपये नकद के अलावा 2.7 लाख के चेक और पर्स भी था। वारदात के बाद तीनों बदमाश सहजनवां की तरफ भाग निकले। विनय की सूचना देने पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी थी।
दोपहर दो बजे घघसरा में लखनापार गांव के बाहर बगीचे में हिस्से के बंटवारे को लेकर उनमें विवाद हो गया। कहासुनी के बाद आपस में मारपीट भी शुरू हो गई।
दो बदमाशों ने अपने एक साथी की पिटाई करने के साथ ही जान से मारने के लिए उसपर पिस्टल तान दी। रास्ते से गुजर रही गांव की महिलाओं की नजर इस घटनाक्रम पर पड़ी। उन्होंने इसकी सूचना गांव के लोगों को दी। गांव के बाहर बगीचे में बदमाशों के आने की खबर पाकर 100 की संख्या में ग्रामीण लाठी लेकर घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े।
ग्रामीणों से घिरने पर असलहा दिखाकर दो बदमाश किसी तरह बाइक से बखिरा की तरफ भाग निकले। मौके पर मिले एक बदमाश को पकड़कर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
फोर्स के साथ पहुंचे एसपी (ग्रामीण) ब्रजेश सिंह, सीओ कैंपियरगंज रोहित सिंह, सीओ क्राइम अभय मिश्रा, एसओ सहजनवां राजकुमार सिंह बदमाश को हिरासत में ले लिया। तलाशी में उसके पास से 50 हजार रुपये मिले हैं। संतकबीरनगर, बखिरा के रहने वाले बदमाश से पूछताछ के बाद पुलिस उसके साथियों की तलाश में गोरखपुर के साथ ही संतकबीरनगर में दबिश दे रही है।
एसएसपी लव कुमार ने बताया कि लुटेरों को गिरफ्तार कर जल्द ही घटना का खुलासा करेंगे।