गोरखपुर। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर 14 दिसंबर को रेलवे जीएम आफिस के पास रेलकर्मी आरिफ सुल्तान से डेढ़ लाख रुपये की लूट के मामले का पर्दाफाश कर दिया। बदमाशों के पास से 48 हजार 700 रुपये बरामद किए गए हैं। दोनों के पास से मिली बाइक कैंट इलाके से चुराई गई थी। पुलिस के मुताबिक दोनों बैंकों में रेकी के बाद वारदात को अंजाम देते थे।
एसपी सिटी विनय कुमार सिंह और सीओ कैंट प्रभात राय ने पत्रकारों को बताया कि 14 दिसंबर को गोरखनाथ के दिग्विजयनगर निवासी आरिफ सुल्तान दोपहर 1:30 बजे रेलवे के जीएम आफिस के पास एसबीआई की शाखा से रकम निकालकर रेलवे प्रेस जा रहे थे। उसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग लूट लिया था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बदमाशों को सरदारनगर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। बदमाशों की पहचान गोंडा के धानेपुर निवासी लल्लन और राम बहादुर के रूप में हुई। लल्लन के पास से 25 हजार एक सौ और राम बहादुर के पास से 24 हजार छह सौ रुपये पुलिस ने बरामद किए। दोनों पर जिले के अलावा बस्ती में भी लूट, चोरी के केस दर्ज हैं।