गोरखपुर। तिवारीपुर के बसियाडीह की सोना देवी (30) का शव बृहस्पतिवार मायके में फंदे से लटकता मिला। महिला का पैर जमीन छू रहा था। आशंका जताई जा रही है कि सोना की हत्या कर शव का लटकाया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से असली वजह पता चलेगी।
बसियाडीह की सोना देवी की शादी बहन फूला के देवर मोनू से हुई थी। उनका पति बंगलूरू में मजदूरी करता है। पुलिस के मुताबिक मोनू की कुछ जमीन डोमिनगढ़ के पास थी। वहां जब नया पुल बना तो जमीन अधिग्रहीत कर ली गई। इसका ठीकठाक मुआवजा मिला था। यह रकम सोना के बैंक अकाउंट में जमा है। मोनू इसी रकम की मांग कर रहा था जिसे लेकर दोनों में विवाद हुआ। नाराज पत्नी मायके चली गई। बड़ी बहन फूला के मुताबिक सोना सोमवार को डोमिनगढ़ स्थित ग्रामीण बैंक गई थी पर वह रकम नहीं निकाल सकी और लापता हो गई। किसी को पता नहीं था कि वह कहां है। बृहस्पतिवार को पता चला कि सोना का शव फंदे से लटक रहा है।
सोना के अकाउंट में आठ लाख रुपये
तिवारीपुर पुलिस इस मामले को पारिवारिक विवाद के रूप में देख रही है। पुलिस का कहना है कि सोना के बैंक अकाउंट में करीब आठ लाख रुपये हैं। इसी रकम के लिए विवाद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुछ गड़बड़ मिला तो पति मोनू सहित पारिवारिक के अन्य सदस्यों से पूछताछ होगी। सोना के पति मोनू से कुछ जानकारी ली गई है। पुलिस का कहना है कि शव से दुर्गंध उठने से ऐसा लग रहा है कि सोना की मौत दो दिन पहले हुई है।
बहनों को मिली थी मायके की संपत्ति
सोना तीन बहनों में दूसरे नंबर की थी। माता-पिता का साया बचपन में ही उठ गया था। भाई नहीं था तो पारिवारिक संपत्ति तीनों बहनों में बांट दी गई। सभी अपने-अपने हिस्से के मकान में अक्सर जाया करती थीं। सोना भी अपने हिस्से के मकान में जाकर रह रही थी, जहां उसका शव मिला।