झंगहा (गोरखपुर)। गौरी घाट के पास खेत में युवक की चाकू से गोंद कर हत्या कर फेंका गया शव मिला। युवक के सीने और पेट पर कई जगह चाकू घोंपा गया था। सूचना मिलने पर झंगहा पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त की कोशिश की। हालांकि पहचान नहीं हो पाई। आशंका जताई जा रही है कि युवक का कत्ल कहीं और करके शव लाकर फेंक दिया गया था। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
गौरी घाट के दक्षिण में स्थित एक खेत में स्थानीय लोगों ने शव को देखा। देखते ही देखते वहां पर स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। फिर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव से शर्ट हटाया तो कई जगह पर चाकू के गोदने के निशान दिखे। सिर पर चोट के निशान थे। पुलिस की मानें तो शव को कहीं से लाकर फेंका गया है।
हालांकि स्थानीय लोगों ने किसी को लाकर फेंकते देखने की पुष्टि नहीं की। पुलिस के मुताबिक गर्दन और पेट में चाकू घोंपकर हत्या की गई है। पुलिस जल्द घटना का पर्दाफाश करने की कोशिश में है।