असलहा सटाकर फाइनेंस कर्मचारी से 50 हजार लूटे
बड़हलगंज इलाके में वसूली करके लौटते समय दिनदहाड़ हुई वारदात
48 घंटे के भीतर बाइक सवार तीन बदमाशों ने की दूसरी लूट
अमर उजाला ब्यूरो
बड़हलगंज (गोरखपुर)। बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने तमंचा सटाकर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी विजय मोदनवाल से 50 हजार रुपये लूट लिए। वारदात बुधवार को बड़हलगंज इलाके के मरकड़ी गांव के पास हुई। दिनदहाड़े लूट की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कर्मचारी से बदमाशों का हुलिया पूछकर पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। 48 घंटे के भीतर यह दूसरी वारदात है। मंगलवार को ही दवा व्यापारी को तमंचा सटाकर बदमाशों ने रकम लूटी थी।
चौरीचौरा के भोपा बाजार निवासी विजय मोदनवाल माइक्रो फाइनेंस कंपनी का वसूली करने बुधवार को बड़हलगंज इलाके में गए थे। 47 हजार 250 रुपये उन्होंने वसूले थे। वह बाइक से लौट रहे थे। 1500 रुपये उनके पास पहले से थे। विजय के मुताबिक वह जैसे ही मरकड़ी गांव के पास पहुंचे थे, पीछे से बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। विजय अभी कुछ समझ पाते, बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उनको तमंचा सटा दिया। उसके बाद उनके बैग और जेब में रखी रकम लेकर बदमाश फरार हो गए। घबराए विजय ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह ने बताया कि पीड़ित के बताए अनुसार मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।