खजनी (गोरखपुर)। बांसगांव के वीरू भैंसा गांव में ससुराल आए मनोज राम त्रिपाठी (38) की मंगलवार की रात मौत हो गई। आरोप है कि तबीयत खराब होने पर वह पास में ही दवा विक्रेता के यहां गए थे। वहां इंजेक्शन लगाने के थोड़ी देर बाद ही मनोज की मौत हो गई। मृत युवक के ससुर की तहरीर पर पुलिस ने दवा विक्रेता राम खेलावन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद राप्ती तट पर शव की अंत्येष्टि कर दी गई।
खजनी इलाके के झुड़िया गांव निवासी मनोज राम त्रिपाठी अपने मित्र नाजिर अली के साथ मंगलवार को अपनी ससुराल गए थे। ससुराल से लौटते समय कमर दर्द और बुखार महसूस होने पर वह हरनही स्थित श्रीराम मेडिकल स्टोर्स पर पहुंचे थे। आरोप है कि बीमारी बताने के बाद दवा विक्रेता राम खेलावन दूबे ने मनोज को एक इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के बाद मनोज की तबीयत और ज्यादा खराब हो गई। थोड़ी देर में ही मनोज की मौत हो गई। इसके बाद दवा विक्रेता दुकान बंद कर फरार हो गया। बांसगांव थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गिरजेश तिवारी ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।