गोरखपुर। कोतवाली के रेती रोड स्थित एक इलेक्ट्रानिक सामान की दुकान में शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। चंद मिनटों में ही आग ने चार मंजिलें इमारत को चपेट में ले लिया। आग पर काबू पाने के लिए फायर बिग्रेड की 18 गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। रात करीब 12:30 बजे लगी आग पर चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका। आग से करीब सवा करोड़ रुपये नुकसान का अनुमान है।
शाहपुर के विष्णु नगर, बशारतपुर निवासी एसके सिंह की रेती रोड पर मां इलेक्ट्रानिक्स के नाम से दुकान है। दुकान मालिक के मुताबिक दिवाली की वजह से रात में दुकान खुली हुई थी। रात करीब साढ़े बारह बजे अचानक दूसरे मंजिल से धुआं उठते दिखाई दिया। धुआं से आग का अंदाजा होते ही फायर को सूचना दी गई। पंद्रह मिनट में ही फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई, लेकिन इतने देर में आग ने पूरे इमारत को आगोश में ले लिया।
आग लगने से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आसपास के लोग भी अपने इमारत को लेकर चिंता में आ गए। सूचना पर सीओ कोतवाली बीपी सिंह भी मातहतों के साथ मौके पर पहुंच गए। भीड़ को हटाकर आग बुझाने को कोशिश की।