बेलघाट के बघैला गांव में रिश्तेदार बनकर आए हिस्ट्रीशीटर ने साथियों के साथ मिलकर लड़की के अपहरण की कोशिश की। घरवालों के विरोध पर आसपास के लोग जुट गए और हिस्ट्रीशीटर को पकड़ लिया। सूचना पर आई बेलघाट पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पूछताछ के आधार पर उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। हिस्ट्रीशीटर की पहचान आजमगढ़ के सनी उर्फ शिव प्रकाश सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने केस दर्ज कर जेल भेज दिया है।
बघैला गांव निवासी नर्वदा प्रसाद दुबे के घर बृहस्पतिवार को एक युवक आया। उसने खुद का नाम दीपक तिवारी बताया और कहा कि अंबेडकरनगर में आपके रिश्तेदार रघुराज मिश्रा ने भेजा है। इसके बाद घरवालों ने उसकी आवाभगत शुरू कर दी। थोड़ी देर बार उसनेे नर्वदा की बहू से बेटी सपना को बुलाने को कहा। इस पर बहू हिचकिचा गई। कथित दीपक ने बताया कि उसका दोस्त सपना से बात करता है और उसे लेने आया है, दोनों की शादी करानी है। यह सुनते ही घरवाले शोर मचाने लगे। इसी बीच दो युवक बाइक से आए और घर में दाखिल होकर सपना को जबरन ले जाने लगे। इसी बीच जुटे ग्रामीणों के साथ घरवालों के विरोध पर दोनों युवक फरार हो गए और दीपक को पकड़ लिया।
सूचना पर पहुंचे बेलघाट थानेदार उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने दीपक को हिरासत में लेकर थाने लाए। पूछताछ में उसने अपने साथी का भी पता बता दिया, जिस पर पुलिस ने दबिश देकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि दीपक का असली नाम सनी उर्फ शिव प्रकाश है, वह आजमगढ़ के जहांगीरगंज का रहने वाला हिस्ट्रीशीटर है। उसके साथी की पहचान आजमगढ़ लक्ष्मी रामपुर निवासी राजन उर्फ लक्की मिश्र के रूप में हुई। शिवकुमार पर आजमगढ़ में विरेंद्र सिंह टाटा की हत्या, लूट, बलवा जैसे गंभीर धाराओं में पहले भी केस दर्ज हो चुका है।