गोरखपुर।
ट्रेन से गोरखपुर आए यात्री को झांसा देकर चार पहिया सवार बदमाशों ने बीस हजार रुपये उड़ा दिए। सूचना पर पुलिस ने जांच कर रही है। मोतिहारी, बिहार के रमगढ़वा निवासी सुरेश महतो उत्तराखंड के बागेश्वर में रहकर पेंट-पालिस करते हैं। मंगलवार की सुबह ट्रेन से गोरखपुर पहुंचे। स्टेशन से बाहर निकलकर सवारी का इंतजार कर रहे थे कि इसी बीच चार पहिया सवार चार लोगों ने उनसे पूछा कि कहां जाना है। मोतीहारी जाने की बात कहने पर जालसाजों ने उन्हें गाड़ी में बैठा लिया। स्टेशन से बाहर निकलने के बाद सुरेश को बताया कि आगे चेकिंग चल रही है और नकदी मिलने पर पुलिस उन्हें पकड़ सकती है। झांसे में लेकर बदमाशों ने सुरेश के पास मौजूद बीस हजार रुपये ले लिए। कूड़ाघाट में जीआरडी गेट के सामने गाड़ी रोक कर बहाने से उनको उतार दिया और फरार हो गए। सुरेश पहले तो गाड़ी लौटने का इंतजार करते रहे लेकिन काफी देर बाद भी उनका पता न चलने पर उन्होंने कूड़ाघाट चौराहे पर मौजूद पुलिस वालों को घटना की जानकारी दी।