भटहट (गोरखपुर)। गुलरिहा थानाक्षेत्र की भटहट चौकी पर सोमवार देरशाम चोरी के आरोप में पकड़े गए युवक और उसके भाई ने खूब उत्पात मचाया। चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार सिंह का गिरेबान पकड़ लिया और उनकी सर्विस रिवाल्वर छीनने का प्रयास किया। बीच बचाव करने आए एक सिपाही की उंगली को दांत से काट लिया तो दूसरे सिपाही की उंगली तोड़ दी। इतना ही नहीं दोनों ने चौकी में लगे एलईडी टीवी को भी तोड़ डाला। सूचना पर गुलरिहा थाना प्रभारी जयदीप कुमार वर्मा दल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों आरोपियों को पकड़कर थाने ले गए।
भटहट कस्बा निवासी शिव गौड़ पुत्र वीरेंद्र सोमवार शाम को कस्बा निवासी अमरजीत यादव के घर में घुस गया था। आरोप है कि वह चोरी के इरादे से घर में घुसा था लेकिन पकड़ा गया। अमरजीत की सूचना पर भटहट पुलिस चौकी के सिपाही दीपक और रामसहाय पहुंचे। आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस चौकी ले गए। वहां पहुंचते ही शिव गौड़ भड़क गया और चौकी इंचार्ज की कॉलर पकड़कर खड़ा हो गया। सर्विस रिवाल्वर छीनने की कोशिश भी की, हालांकि दरोगा की सतर्कता की वजह से वह सर्विस रिवाल्वर नहीं पा सका। चौकी इंचार्ज से चोरी के आरोपी को उलझता देख सिपाही जयप्रकाश बीच-बचाव करने आए तो शिव ने उनपर भी हमला बोल दिया। कुछ नहीं मिला तो दांत से जयप्रकाश के हाथ की उंगली काट ली। मदद में दूसरे सिपाही जितेंद्र गौड़ के हाथ की एक अंगुली भी टूट गई। इसी बीच शिव का छोटा भाई कृष्णा समर्थकों के साथ चौकी पहुंच गया और वहां लगा टीवी तोड़ डाला। पुलिस के मुताबिक शिव चोरी के आरोप में कई बार जेल जा चुका है। गुलरिहा थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
नशेबाज है शिव गौड़
चोरी करते पकड़ा गया आरोपी शिव कुमार नशेबाज है। वह क्षेत्र में बिकने वाली एक विशेष प्रकार की नशे की गोली खाता है। यह गोली भटहट कस्बे में कई दुकानों पर बिकती है। इसकी जानकारी पुलिस को है लेकिन बेंचने वालों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होती।