सहजनवां (गोरखपुर)। गीडा सेक्टर 22 में नकाबपोश तीन बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में 68 हजार रुपये की लूट कर सनसनी फैला दी। पिस्टल लहराते हुए तीन बदमाश प्राइवेट आईटीआई में दाखिल हुए। फीस जमा कर रहे छह छात्रों में से दो को पिस्टल सटाकर रकम लूट ली। घटना की सूचना पर एसपी नार्थ रोहित सिंह मातहतों के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी हासिल की।
गुलरिहा, सरहरी निवासी अखिलेश यादव का गीडा सेक्टर 22 में निजी आईटीआई संस्थान हैं। चरगावां में भी उनकी एक ब्रांच है। स्टाफ वहां पर हो रही परीक्षा कराने चला गया था। शनिवार की गीडा में कॉलेज में छात्र फीस जमा कर रहे थे। दोपहर 2:30 बजे के करीब एक युवक आया और एडमिट कार्ड के बारे में जानकारी ली। उसके जाते ही तीन नकाबपोश बदमाश कॉलेज में दाखिल हो गए।
उस समय सोनी यादव काउंटर पर बैठी फीस जमा कर रही थीं। छह छात्र भी लाइन में लगे थे। बदमाश सीधे छात्रों के पास गए और दो छात्रों पर पिस्टल तान दिया। सभी का मोबाइल फोन लेकर स्विच ऑफ किया और फिर उसे सोनी यादव के पास रख दिया। सोनी को भी बदमाशों ने पिस्टल सटाया और काउंटर खोलकर उसमें रखे 68 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।
भागते समय बदमाशों ने गेट भी बंद कर दिया था। बदमाशों के फरार होने के बाद सोनी ने प्रबंधक को फोन पर घटना की जानकारी दी। फिर प्रबंधक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपी नार्थ का कहना है तहरीर मिली है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जल्द ही आरोपी पकड़ लिए जाएंगे।