गोरखपुर। कैंट इलाके के देवरिया बाईपास पर नो इंट्री में घुस आए टैंकर की चपेट में आने से चंद्रभूषण (35) की मौत हो गई। उधर, मौत की खबर पाते ही जिला अस्पताल में आए घरवालों ने शव पोस्टमार्टम के लिए देने से इंकार कर दिया और जमकर हंगामा किया। मौके पर मौजूद पुलिस वालों से उलझ गए। पुलिस से हाथापाई की नौबत आने पर कोतवाली और कैंट थाने की पुलिस अस्पताल पहुंच गई। घरवालों को समझाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने टैंकर को चालक सहित पकड़ लिया है।
बेलीपार के भौवापार निवासी शिवाजी सिंह के पुत्र चंद्रभूषण एक फाइनेंस कंपनी में काम करते थे।
बुधवार की सुबह वह किसी काम से देवरिया गए थे और रात में करीब 9:30 बजे घर लौट रहे थे। बाइक से अभी वह देवरिया बाईपास पर पहुंचे थे कि पीछे से नो इंट्री में घुस आए टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीर ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायल को अस्पताल ले गए। सूचना पर कैंट इंस्पेक्टर रवि राय ने मौके पर पुलिसवालों को भेजा और घेराबंदी कर टैंकर की तलाश शुरू कर दी। टैंकर पैडलेगंज के आगे पकड़ लिया गया। उधर, घायल की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। हादसे की खबर पर आए घरवाले अस्पताल में शव देखते ही भड़क गए और हंगामा करने लगे। अस्पताल स्टॉफ से भी उलझे और पुलिस वालों से भी हाथापाई की नौबत आ गई। इंस्पेक्टर रवि राय ने बताया कि टैंकर को पकड़ लिया गया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृतक दो भाइयों में छोटा था। बड़े भाई अभय सिंह श्रीराम फाइनेंस में काम करते हैं।