गोरखपुर। दीवानी कचहरी परिसर में पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई। इस दौरान सिविल कोर्ट, कचहरी के लॉकअप की सफाई देखी गई। पेशी पर लाए गए बंदियों की तलाशी ली गई। खोजी कुत्तों के जरिए संदिग्ध सामान की भी जांच कराई गई। इस दौरान लॉकअप में गंदगी दिखी। कुछ बंदियों के पास पान मसाला, तंबाकू, खैनी मिला।
एसपी सिटी विनय सिंह शुक्रवार और सीओ कैंट प्रभात राय, सीओ एलआईयू, इंस्पेक्टर कैंट मातहतों और खोजी स्वान के साथ दीवानी कचहरी पहुंचे और परिसर की सुरक्षा की जांच की। उनके साथ एसीजीएम प्रथम भी मौजूद रहे। एसपी सिटी ने बताया कि न्यायालय परिसर की सुरक्षा के लिए यह रूटीन जांच थी।
हर 15 दिनों पर इस तरह जांच की जाती है। उन्होंने बताया कि लॉकअप में कुछ गंदगी और पेशी पर आए बंदियों के पास से कुछ तंबाकू मिली है। उनको हिदायत दी गई है। साथ ही संदिग्ध दिखने वाले लोगों और सामान की भी तलाशी ली गई।