मां शीला और बेटी सुमन। (फाइल फोटो )
- फोटो : अमर उजाला
भनवापुर (सिद्धार्थनगर)। बलरामपुर जिले के उतरौला थाना क्षेत्र के भरवलिया गांव के पास राप्ती नदी में उतराती मां और बेटी की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। उतरौला पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू कर दी है। महिला का मायका व ससुराल दोनों त्रिलोकपुर क्षेत्र में हैं। शव जहां मिला वहां से महज 20 मीटर की दूरी पर त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र शुरू हो जाता है।
बलरामपुर जिले के थाना उतरौला के भरवलिया गांव स्थित राप्ती में बुधवार की सुबह राप्ती नदी में उतराती लाश दिखी तो उतरौला थाने की पुलिस ने दोनों के शव नदी से निकलवाए। महिला का पैरा रस्सी से बंधा था, जबकि बच्ची मां की साड़ी के पल्लू से बंधी थी। इससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों की हत्या कर शव नदी में फेंके गए हैं। शव की शिनाख्त त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के प्यूरिया गांव निवासी शीला (33) पत्नी रामधनी और आठ वर्षीय पुत्री सुमन के रूप में हुई। पति रामधनी के अनुसार शीला 14 अप्रैल से ही अपने तीन पुत्रियों सुमन 8 वर्ष, मोहिनी 6 वर्ष और निशा 4 वर्ष के साथ लापता थी। काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चल सका। पत्नी शीला व पुत्री सुमन की तो लाश मिल गई, लेकिन दो पुत्रियों मोहिनी व निशा का कुछ पता नहीं है। एसओ त्रिलोकपुर मनोज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। वहीं, उतरौला के कोतवाल मोहम्मद शलीम खां ने बताया कि मां और बेटी की लाश भरवलिया में राप्ती नदी में मिली है। ग्राम प्रधान मुकीम अहमद सहित पांच लोगों से पंचनामा कराके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।