छत की कुंडी से लटकता मिला युवक का शव
आत्महत्या और हत्या में उलझा मामला, पुलिस कर रही जांच
अमर उजाला ब्यूरो
बेलघाट। सोपाई गांव निवासी गोपाल मिश्रा उर्फ बब्बी (30) का शव सोमवार की सुबह उसके घर में छत की कुंडे से लटकता मिला। घुटना फर्श पर टिका रहने से लोग हत्या का शक जता रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गोपाल बचपन से ही ननिहाल में रहता था। नाना कपिलदेव ने अपनी जायदाद उसके नाम कर दी थी। 10 दिसंबर को गोपाल के छोटे भाई जय गोपाल की शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए घरवाले बांसगांव के डडवा रामचंदर स्थित पैतृक गांव गए थे, लेकिन अगले ही दिन गोपाल घर लौट आया। इधर, सोेमवार की सुबह सोपाई गांव की विद्या निषाद अपने घर पूजा कराने के लिए गोपाल को बुलाने गईं, मगर कई बार बुलाने के बाद भी जवाब नहीं मिला। उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो गोपाल का शव कुंडी से रस्सी के सहारे लटक रहा था, मगर उसका शरीर घुटने के बल फर्श पर टिका था। गोपाल की जीभ और होंठ कटे हुए थे। पुलिस ने गोपाल के घरवालों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गोपाल की पत्नी अनसुइया दो बच्चों दुर्गेश (6) और सर्वेश (5) के साथ एक वर्ष से बेलीपार के खैरा गांव स्थित मायके में रह रही हैं। वह भी देवर की शादी में गई थीं, लेकिन वहां से मायके चली गईं।