गोरखपुर। कैंट थानाक्षेत्र में युवती की स्कूटी चोरी कर भाग रहे चोर को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। कैंट पुलिस ने आरोपी से पूछताछ कर उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर चोरी की चार बाइक, लूट का मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है। पकड़ा गया एक युवक सजायाफ्ता है, जमानत के बाद वह बाहर आया था।
तारामंडल, गौतम विहार विस्तार निवासी सुनील सिंह की भांजी अवंतिका बुधवार को स्कूटी लेकर शहर में निकली थी। एक दुकान पर सामान खरीदने के दौरान एक युवक स्कूटी लेकर भागने लगा। आरोपी को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। कैंट इंस्पेक्टर मनोज पाठक ने आरोपी से पूछताछ की तो उसकी पहचान कुशीनगर, अहिरौली जगदीशपुर निवासी अमित भारती के रूप में हुई। उसने बताया कि वह पीपीगंज कैथवलिया निवासी चंद्रशेखर चौधरी के साथ बाइक चोरी करता है।
पुलिस ने गुरुवार को चंद्रशेखर को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की चार बाइक, लूट की एक मोबाइल फोन बरामद किया। इंस्पेक्टर मनोज पाठक ने बताया कि अमित भारती को शाहपुर पुलिस ने 2010 में एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने उसे 12 वर्ष की सजा सुनाई। जमानत के बाद अमित जेल से बाहर आया और बाइक चोरी करने लगा।