बीए की छात्रा का बस्ती से अपहरण, रेप की आशंका
े
बस्ती/फैजाबाद। मां से झगड़ा कर घर से निकली बीए की एक छात्रा का अपहरण कर उसे फैजाबाद में नगर कोतवाली क्षेत्र के बछड़ा सुल्तानपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास फेंक दिया गया। शुक्रवार सुबह लोगों ने छात्रा को अस्त-व्यस्त हालत में बेहोश देखा तो पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने पर छात्रा ने जो आपबीती सुनाई उससे पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।
छात्रा के सिर समेत नाजुक अंगों पर चोट के निशान हैं, मगर वह यह नहीं बता पा रही है कि चोट कैसे लगी और बेहोश कैसे हुई। छात्रा को सिर्फ इतना याद है कि बृहस्पतिवार दोपहर को मां से झगड़ा करने के बाद वह घर से निकली थी। गांव के बाहर सड़क पर एक बाइक सवार उसे दबोच बाइक पर बैठाकर भागने लगा। पुलिस मामले में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करने का बात कर रही है, बाद में जांच रिपोर्ट आने पर ही रेप आदि धाराएं जोड़ी जाएगी। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी व सीओ बीकापुर ने पीड़िता का बयान भी दर्ज किया। पुलिस मामले को संदिग्ध भी मानकर चल रही है।
बस्ती जिले के दुबौलिया थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवती बभनान में स्थित एक महाविद्यालय की बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। बृहस्पतिवार को अपराह्न करीब 2:30 बजे मां से किसी बात को लेकर झगड़ा होने पर वह घर से निकली थी। काफी देर तक छात्रा के न लौटने पर अनहोनी की आशंका में परिवारीजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। पुलिस से सूचना मिलने पर परिवारीजन जिला अस्पताल पहुंचे। उनके पहुंचने पर छात्रा का जिला महिला चिकित्सालय में मेडिकल परीक्षण कराया गया। चिकित्सकों व पुलिस के अनुसार छात्रा के सिर सहित शरीर के नाजुक अंगों में भी चोटें आई हैं। इसलिए पुलिस रेप की आंशका जता रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। सूचना पाकर एसपी सिटी अनिल सिंह सिसोदिया, सीओ बीकापुर आभा पांडेय, कोतवाल नगर अमर सिंह आदि जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। सीओ ने पीड़िता का बयान अस्पताल में ही दर्ज किया है।
गांव में है प्रेम संबंध की चर्चा
बस्ती। छात्रा तीन भाई बहनों में दूसरे नंबर की है। पिता दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। बड़ा भाई भी बाहर नौकरी करता है। छात्रा पढ़ाई का खर्च निकालने के लिए बच्चों को पढ़ाती भी है। मामले की जानकारी मिलने के बाद बस्ती पुलिस भी पड़ताल में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक गांव में दबी जुबान से छात्रा के एक युवक से प्रेम संबंध होने की भी चर्चा है।