- अभिनेत्री स्वीटी वालिया समेत छह पर दहेज उत्पीड़न का केस
- बेतियाहाता की रहने वाली महिला का आरोप पति ने स्वीटी से दूसरी शादी की है
- मुंबई में धारावाहिक, फिल्मों में काम करती हैं स्वीटी
शहर की रहने वाली एक महिला ने अभिनेत्री स्वीटी वालिया समेत छह लोगों पर दहेज उत्पीड़न, जालसाजी और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कराया है। कैंट पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बेतियाहाता के आवास विकास कॉलोनी निवासी श्वेता की शादी 12 मार्च 2018 को बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी डॉ. विजय कुमार के बेटे विपुल तिवारी के साथ हुई थी। विपुल मुंबई में रहते हैं। श्वेता के मुताबिक ससुराल जाने पर पता चला कि पति ने उससे दूसरी शादी की है। पहली शादी मुंबई में रहने वाली अभिनेत्री स्वीटी वालिया के साथ की है। स्वीटी धारावाहिक व फिल्म में काम करती हैं, उनके दो बच्चे हैं। विरोध करने पर ससुराल के लोग प्रताड़ित करने लगे।
आरोप है कि पति ने खाते से आठ लाख रुपये भी हड़प लिए और फिर घर से निकाल दिया। घरवालों के हस्तक्षेप करने पर एक सप्ताह बाद पति अपने साथ मुंबई ले गया लेकिन स्वीटी वालिया से मिलना जुलना नहीं छोड़ा। टोकने पर विपुल, उसकी बहन और स्वीटी वालिया पीटते थे। श्वेता ने अक्टूबर 2018 में मामले की जानकारी अपने घरवालों को दी। जिसके बाद परिवार के लोग उसे मायके लेकर चले आए। प्रभारी निरीक्षक कैंट रवि राय ने बताया तहरीर के आधार पर विपुल तिवारी, उसके पिता डॉ. विजय, मां पुष्पा देवी, बहन प्रज्ञाप्रिया, विनीता और अभिनेत्री स्वीटी वालिया के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।