गोरखपुर। झंगहा पुलिस ने मुठभेड़ में बदमाश शेषमणि को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद हुआ। शेषमणि ने ही अपने साथियों के साथ खोराबार में वन दरोगा को गोली मारी थी। देवरिया के रुद्रपुर इलाके में युवक की हत्या कर शव छिपाने के आरोप में भी उस पर केस दर्ज है। इसके पहले भी उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने घेराबंदी की थी, लेकिन वह चकमा देकर फरार हो गया था।
झंगहा थाने के इंस्पेक्टर जेएन सिंह ने बताया कि चौकी इंचार्ज धनंजय राय सहयोगियों के साथ गश्त पर थे। मुखबिर से सूचना मिली कि खपरियाभार मोड़ के पास बदमाश खड़ा है। चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंच गए। बाइक की लाइट देखते ही शेषमणि भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस को देखते ही उसने गोली चलाई। खुद को बचाते हुए पुलिस ने पीछा किया और घेराबंदी कर उसको गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में शेषमणि ने बताया कि मीठाबेल में वन दरोगा की टीम पर उसने फायरिंग की थी। इसके अलावा पिपरा में मित्र विजय प्रताप व रमेश के साथ मिलकर प्रमोद निषाद की हत्या कर शव को छिपा दिया था। इस संबंध में देवरिया के रुद्रपुर में केस भी दर्ज है।