गोरखपुर।
रकम हड़पने के मामले में अवैध असलहों के साथ पकड़ा गए हिस्ट्रीशीटर पवन सिंह समेत छह के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई है। वहीं जमानत पर छूटा पवन देश छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने उसके पासपोर्ट की भी जांच शुरू कर दी है। पवन ने किसी दूसरे के नाम का इस्तेमाल कर पासपोर्ट हासिल किया है। इस मामले में भी उसके खिलाफ केस दर्ज होगा। उसके मददगार बने कई और करीबियों पर भी पुलिस का शिकंजा कसना तय है।
बड़े-बडे़े पोस्टर लगाकर राजनीतिक संरक्षण पाने की तैयारी कर रहे पवन सिंह पर गोरखनाथ थाने में तारामंडल निवासी सच्चिदानंद सिंह ने 1.41 करोड़ रुपये हड़पने का केस दर्ज कराया था। इसी मामले में पुलिस ने पवन के घर छापेमारी कर भाई के साथ उसको गिरफ्तार किया था। पुलिस को उसके पास से अवैध असलहे भी मिले थे। इस मामले में पवन सिंह को कोर्ट से जमानत मिल गई थी। जमानत पाते ही वह देश छोड़कर भाग गया। पवन सिंह समेत छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि गैंगेस्टर की कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है। पासपोर्ट की भी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
पवन गैंग के इन सदस्यों पर हुई कार्रवाई
गोरखनाथ के नथमलपुर का रहने वाला पवन का भाई अमित कुमार सिंह, पुर्दिलपुर निवासी सौरभ त्रिपाठी, रूस्तमपुर निवासी अरविंद कुमार यादव, विकास नगर निवासी राजेश दुबे, काजीपुर खुर्द निवासी मोहम्मद ताहिर के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई होगी।