बदमाशों के हमलावर होते ही भाग खड़े हुए एसओ
चौरीचौरा में पुलिस पर हमले का मामला, डटीं होती पुलिस टीम तो पकड़ में आ जाते बदमाश
बदमाश के घर से पुलिस ने नेपाल की करेंसी भी बरामद की
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। चौरीचौरा के रउतैनिया गांव में दबिश देने पुलिसकर्मी उस समय भाग खड़े हुए, जब बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने जैसे ही फायरिंग शुरू की, एसओ डटकर मुकाबला करने की भाग चले। उसके बाद मातहतों ने भी पीछे हटना मुनासिब समझा। मौके पर एक दरोगा और दो सिपाही फंस गए, जो गोली के छर्रे और सरिया के हमले से घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं।
दरोगा घनश्याम वर्मा तो गांव के ही एक घर में छिपाकर जान बचाई। पुलिस टीम घायल सिपाही को अस्पताल पहुंचाने के बाद उनकी तलाश शुरू की। उसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। चर्चा है कि तलाशी के दौरान पुलिस ने मिथुन के घर से नेपाल की करेंसी और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार को भी बरामद किया है।
...
बदमाशों के संख्या की नहीं थी सटीक जानकारी
पुलिस को मुखबिर के जरिए बदमाश मिथुन के होने की जानकारी तो हो गई थी, लेकिन और बदमाशों की संख्या के बारे में सटीक जानकारी नहीं थी। अधूरी तैयारी से दबिश देने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया। उसके बाद वे फरार हो गए।
.......
पहले भी फायरिंग कर फरार हो चुका है मिथुन
30 नवंबर 2017 को भी मिथुन पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार हो गया था। पुलिस ने खोराबार के कुसम्ही में घेराबंदी की थी और उसके दो साथी मनीष और सुजीत को पकड़ा था। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी थी। मिथुन उस समय पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए फरार हो गए थे।
....
पिस्टल लेकर घायल दरोगा की कर रहे थे तलाश
गांव में चर्चा है कि मिथुन को पुलिस की गोली लगी है। उसके बाद दरोगा घनश्याम की सरकारी पिस्टल बदमाशों ने लूट ली। दरोगा भागकर छिप गए। बदमाशों ने उन्हें तलाशा। बदमाश चिल्ला रहे थे कि दरोगा को गोली मारेंगे। हालांकि वह दोबारा बदमाशों के हाथ नहीं लगे।