चलती ट्रेन में खिड़की किनारे बैठे लोगों पर वार कर मोबाइल फोन छीनने वाले गिरोह का गोरखनाथ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 12 मोबाइल फोन बरामद कर लिए। सभी मोबाइल फोन लूट के हैं। पकड़े गए लोगों में से नौ किशोर हैं, जिन्हें बाल सुधार गृह भेजा जाएगा। सिर्फ एक जटेपुर निवासी इश्तियाक बालिग है। उसे जेल भेजा जाएगा। पूछताछ में सामने आया कि ज्यादातर लुटेरे प्रेमिकाओं की फरमाइश पूरा करने के लिए वारदात करते थे।
एसपी सिटी विनय सिंह ने बताया कि तरंग रेलवे क्रॉसिंग से डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच और नौतनवां जानी वाली ट्रेन में धर्मशाला बाजार के आसपास मोबाइल फोन छीनने की घटनाओं के बाद पुलिस टीम लगाई गई थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सभी को पकड़ लिया। सभी इन्हीं जगहों पर घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरोह के सदस्य रेलवे लाइन के किनारे डंडा लेकर खड़े रहते थे। उनके निशाने पर ट्रेन की बोगी के गेट पर या खिड़की के पास बैठकर मोबाइल फोन से बात करने वाले यात्री होते थे। ऐसे यात्रियों के हाथ पर डंडे से वे तेज वार करते हैं, जिससे मोबाइल फोन उनके हाथ से छूटकर गिर जाता था। उसे लेकर वे भाग जाते थे। बाद में औने-पौने दाम पर मोबाइल फोन बेच देते थे। एसपी सिटी ने बताया कि सभी गोलघर काली मंदिर के जटेपुर के रहने वाले हैं।