गोरखपुर। बेतियाहाता हनुमान मंदिर के पास दिनदहाड़े मनबढ़ों ने फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी और असलहा लहराते हुए फरार हो गए। घटना की वजह दो गुटों के बीच चली आ रही रंजिश बताई जा रही है।
कैंट इलाके के बेतियाहाता हनुमान मंदिर के पास रमेश की कपड़ा प्रेस करने की दुकान है। उनका भाई राजू भी दुकान पर बैठता है। बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दोनों दुकान पर ही थे, तभी बाइक से छह युवक पहुंचे और राजू के बारे में पूछताछ करने लगे। रमेश ने राजू के दुकान पर ही होने की बात बताई। इस पर मनबढ़ों से फायरिंग शुरू कर दी और कुछ देर बाद असलहा लहराते हुए फरार हो गए। फायरिंग से घबराकर दोनों भाई शटर गिराकर दुकान में ही दुबक गए। दिनदहाड़े चली गोली से इलाके में सनसनी फैल गई। मनबढ़ों के जाते ही मोहल्ले के लोग रमेश की दुकान पर पहुंचे और पुलिस को सुचना दी। मौके पर पहुंची कैंट पुलिस को मोहल्ले के लोगों ने दो राउंड फायरिंग की बात बताई। पास के विमटा पैथालॉजी में लगे सीसीटीवी कैमरे की पुलिस ने पड़ताल की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। रमेश ने बताया कि आरोपी बेतियाहाता, मिर्जापुर इलाके के हैं। दो दिन पहले रुस्तमपुर में दो गुटों में विवाद हुआ था। राजू ने बीच-बचाव किया था। इसी बात से मनबढ़ नाराज थे। सुबह भी कुछ लोग राजू को खोजते हुए आए थे। कैंट इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर मिली है। केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की जाएगी।