गोरखपुर।
रामगढ़ताल झील में नौका विहार स्थल के पास रविवार की सुबह एक युवक की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की सूचना मिलते ही पुलिस दौड़ पड़ी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की कोशिश की मगर सफलता नहीं मिली। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले। नाक से खून बह रहा था। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। मौत की वजह जानने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
रविवार की सुबह करीब 20 साल के एक युवक की लाश लोगों ने नौका विहार स्थल के पास देखी। उसका पैर की तरफ से आधा शरीर ताल में था और आधा बाहर। उसने केवल अंडरवियर पहन रखी थी। पास में ही उसके कपड़े पड़े थे। सूचना मिलते ही स्थानीय दुकानदार भी वहां पहुंच गए और फिर किसी ने पुलिस को जानकारी दे दी। पुलिस ने शव के शिनाख्त की कोशिश की मगर वहां मौजूद कोई भी युवक को पहचान नहीं कर सका। उसकी जेब से मोबाइल या फिर कोई कागज भी नहीं मिला। मौके पर मौजूद लोग लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जता रहे थे। सीओ कैंट अभिषेक सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की वजह का पता चलेगा।
थानों में दर्ज गुमशुदगी से पहचान की कोशिश
खोराबार पुलिस जिले के अन्य थानों में दर्ज गुमशुदगी के आधार पर युवक की पहचान की कोशिश कर रही है। रविवार देर रात तक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस को आशंका है कि युवक कहीं से घूमने आया था और डूबने से उसकी मौत हो गई।
दाहिने हाथ पर है गोदना
मृत युवक ने दाहिने हाथ पर गोदना बनवा रखा है। पुलिस उसके जरिये भी पहचान की कोशिश कर रही है। पुलिस को मौके से पीले रंग का लोवर और बैंगनी रंग की शर्ट भी मिली है।