खोराबार।
समाधान दिवस में फरियाद लेकर आई युवती का वीडियो बनाने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पकड़े गए युवक की पहचान कोतवाली, संतकबीरनगर के आजमपुर निवासी सुनील चौधरी के रूप में हुई है। वह भी फरियाद लेकर आया था। युवती की नजर जैसे ही युवक के मोबाइल फोन पर पड़ी वह शोर मचाने लगी। इसके बाद मौजूद पुलिस वालों ने उसका फोन छीन लिया और देखा तो उसने युवती का वीडियो बनाया था।
संतकबीरनगर का रहने वाला सुनील चौधरी 28 जून को शादी का कार्ड बांटने गोरखपुर आया था। खोराबार में उसकी बाइक से एक व्यक्ति को धक्का लग गया था। उस व्यक्ति ने जबरिया उसकी बाइक अपने घर रखवा ली थी। बाइक दिलाने की फरियाद लेकर वह समाधान दिवस पर थाने में पहुंचा था। इसी दौरान पास की ही रहने वाली एक युवती भी फरियाद लेकर आई थी। एक किनारे बैठकर वह अपने बारी का इंतजार कर रही थी तभी युवक मोबाइल फोन से उसका वीडियो बनाने लगा। युवती की नजर जब सुनील के फोन पर पड़ी तो उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सुनील को हिरासत में ले लिया है।