बड़हलगंज (गोरखपुर)। बड़हलगंज कोतवाली के महदेवा निवासी अवधेश कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार को पुरानी हनुमान गढ़ी निवासी अंकिता कसेरा, बेनी बाबू कुआं के सतीश जायसवाल और लालगंज निवासी मुन्ना उर्फ वसीम के खिलाफ हत्या, फिर शव छिपाने की धारा में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। एसपी साउथ विपुल श्रीवास्तव के मुताबिक अवधेश की हत्या प्रेम प्रसंग में हुई थी।
महदेवा निवासी और हनुमानगढ़ी मोहल्ले में एक प्लाइवुड की दुकान पर काम करने वाले अवधेश का शव शनिवार को एक ठेले पर मिला था। शुक्रवार की रात वह घर से निकला था। शनिवार को उसी के मोबाइल से फोन आया और हत्या की सूचना दी गई। रविवार को अवधेश के पिता लव उमर ने पुलिस को तहरीर दी और आरोप लगाया कि पड़ोस के मोहल्ले की एक युवती से अवधेश का प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बीच लड़की से लालगंज का मुन्ना उर्फ वसीम प्रेम करने लगा।
इस बात पर विवाद हुआ और अवधेश को घर से बुलाकर मार डाला गया। पिता की तहरीर पर केस दर्ज करके पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।