गोरखपुर। कवयित्री मधुमिता की हत्या मेें सजा काट रहे पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी और उनकी पत्नी मधुमणि शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज इलाज कराने पहुंचे। इस दौरान दोनों के लिए की गई वीआईपी व्यवस्था चर्चा का विषय बनी रही। एसआईसी कक्ष में काफी देर तक दोनों की गुफ्तगू भी चलती रही।
कुछ दिनों से अमरमणि और उनकी पत्नी को गर्दन में दर्द, चक्कर और घबराहट की शिकायत थी। जेल के डॉक्टरों से इलाज के बाद भी सुधार न होने पर दोनों को डॉक्टरों ने हाई सेंटर में इलाज की सलाह दी थी।
शुक्रवार को भारी सुरक्षा के बीच दोनों को मेडिकल कॉलेज लाया गया। वहां से वे सीधे एसआईसी कक्ष में गए और वहां काफी देर तक बातचीत करते रहे। वहीं मानसिक रोग और न्यूरो विभाग के डॉक्टरों को बुलाकर उनका इजाज कराया गया। यह हाल तब है जब इसके पहले अमरमणि को वीआईपी सुविधा देने पर प्राचार्य, एसआईसी और एक डॉक्टर पर कार्रवाई तक हो चुकी है। एसआईसी डॉ. रमाशंकर शुक्ला ने बताया कि दोनों का न्यूरो व साईकेट्रिक डॉक्टर से इलाज कराया गया। इसके बाद दोनों को पुलिस लेकर चली गई। उन्होंने कहा कि किसी को वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं मिला।