मुड़ेरी गढ़वा में सोमवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो समुदायों के लोगों में विवाद बढ़ गया। एक पक्ष की ओर से पथराव शुरू किया गया तो दूसरे पक्ष की ओर से एक युवक को चाकू मार दिया गया। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों से चार लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल चार को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, चाकू लगने से घायल युवक की हालत बिगड़ने पर देर शाम लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज करके तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए एहितयातन चार थानों की पुलिस और डेढ़ सेक्शन पीएसी तैनात कर दी गई है। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज भी मौके पर गए। उन्होंने विवाद बढ़ाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
घटना की वजह कुछ दिन पहले गांव के मकसूद के बेटे सैयद आरिफ उर्फ राजा तथा आनंद यादव के बीच बाइक टकराने के बाद हुआ विवाद बताया जा रहा है। एक सप्ताह पहले भी दोनों पक्षों की ओर से इस मामले को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। सोमवार की सुबह ट्यूशन पढ़ने गए आनंद व उसके साथियों को कुछ युवकों जमकर पीट दिया। आनंद के घरवाले शिकायत करने आरिफ के घर पहुंचे तो कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि शिकायत करने गए लोगों पर दूसरे पक्षों की ओर लाठी-डंडा से हमला कर दिया गया। एक पक्ष की ओर से चाकू मारने से विनय यादव (18) गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अनिल यादव, रोहित यादव तथा सिरजावती देवी को सिर में चोट लगी। सभी सीएचसी पिपराइच में इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान हालत बिगड़ने पर विनय यादव को पीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने हिरासत में लिए गए सैय्यद आरिफ उर्फ राजा, हबीब उर्फ कासिफ तथा उनके पिता मकसूद अहमद से पूछताछ के आधार पर घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। सोमवार रात में करीब नौ बजे विनय के चाचा पूर्व प्रधान रामहित की तहरीर पर पुलिस ने हिरासत में लिए गए तीनों आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। घटना की जानकारी होने पर मौके पर एसडीएम सदर राहुल पांडेय, एसपी नार्थ गणेश साहा तथा सीओ चौरीचौरा ने पहुंच कर जांच पड़ताल की। एहतियात के तौर पर गांव में चौरीचौरा, झंगहा तथा गुलरिहा के थानेदार समेत डेढ़ सेक्शन पीएसी तैनात कर दी गई है। देर शाम एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पकंज ने पिपराइच पहुंच कर आरोपियों से पूछताछ की। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।