गोरखपुर।
मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस पर सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। शवों के पोस्टमार्टम का इंतजार कर रहे परिवारवाले डॉक्टरों के देर से पहुंचने से भड़क गए। समझाने पहुंचे पोस्टमार्टम हाउस पर तैनात कर्मचारियों से अभद्रता की। पुलिस पहुंची तो हालात सुधरे।
मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस पर रोजाना करीब 10 शवों का पोस्टमार्टम होता है। सोमवार को भी करीब इतने ही शव पोस्टमार्टम के लिए रखे गए थे। परिवारीजन सुबह से ही पीएम हाउस पर जुटे हुए थे। पोस्टमार्टम दोपहर ढाई बजे से शुरू होना था लेकिन डॉक्टर नहीं पहुंचे। डेढ़ घंटे इंतजार के बाद लोगों का धैर्य टूट गया। लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसी बीच कुछ कर्मचारी समझाने पहुंचे तो गुस्साए लोग उनसे उलझ गए। उन्होंने कर्मचारियों से अभद्रता की। इसकी सूचना एक कर्मचारी ने पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी लोगों को समझाकर शांत कराने लगे। मानमनौव्वल की कोशिश तब कामयाब हुई जब करीब साढ़े चार बजे डॉक्टर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।