अमेरिका में रह रहे भारतीय गुरमीत सिंह पूजी के खाते से जालसाजों ने 19,500 डॉलर (12.69 लाख 216 रुपये) उड़ा लिए। रकम गोरखपुर के दीप ऑटोमोबाइल के खाते में ट्रांसफर की गई है। गुरमीत ने इस संबंध में दिल्ली के अमर कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। दिल्ली पुलिस ने विवेचना के लिए केस गोरखपुर पुलिस को ट्रांसफर किया है।
दिल्ली के संतनगर कॉलोनी, ईस्ट कैलाशपुरी के गुरमीत सिंह पूजी अमेरिका में रहते हैं। उन्होंने दिल्ली पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि जालसाजों ने पहले 29 अक्टूबर 2016 को उनका ईमेल हैक किया। फिर मेल आईडी की मदद से उनका खाता हैक कर लिया और उसमें से 19,500 डॉलर गोरखपुर के दीप ऑटोमोबाइल के खाते में ट्रांसफर कर लिया। यह खाता गोरखपुर के अलीनगर स्थित एसबीआई में है। इसका पता उन्हें एक नवंबर को चला। उस समय वह दिल्ली में थे।
खाते से रकम निकाले जाने की अपने स्तर पर छानबीन करने के बाद पांच नवंबर को उन्होंने अमर कॉलोनी थाने में तहरीर दी। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में दीप ऑटोमोबाइल के खिलाफ जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर लिया। जालसाजी की घटना के तार गोरखपुर से जुड़े होने की वजह से दिल्ली पुलिस ने विवेचना के लिए मुकदमे के कागजात गोरखपुर भेज दिए हैं।