गोरखपुर। बाइक सवार छह बदमाशों ने ट्रक चालक और खलासी के पास से 65900 रुपये लूट लिए। बदमाशों ने दोनों की पिटाई भी की। वारदात रविवार की रात करीब 2.30 बजे पिपराइच थानाक्षेत्र के जंगल धूषड़ चौराहे के पास हुई। चालक ने पुलिस को तहरीर दे दी है। पुलिस प्रथम पुलिस वारदात को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
मिर्जापुर जिले के ललितपुर हितौना निवासी चालक दिनेश पाल झांसी से ट्रक पर गिट्टी लादकर पिपराइच के पतरा में आए थे। गिट्टी गिराने के बाद 65900 रुपये लेकर चालक और खलासी लौट रहे थे। अभी वे जंगल धूषड़ पेट्रोल पंप के करीब पहुंचे थे कि चार बाइक सवार छह बदमाश ट्रक के सामने आ गए। चालक को ट्रक रोक देना पड़ा। उसके बाद बदमाश ट्रक में चढ़ गए और चालक और खलासी को पीटकर रकम लूट ली। चालक ने ट्रक मालिक और पुलिस को घटना की सूचना दी। पिपराइच इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर मिली है। कहा कि जांच कर लेने के बाद केस दर्ज किया जाएगा।